पांच राज्यों के चुनाव नतीजे लगभग साफ हो चुके हैं। इसमें भारत के सियासी नक्शे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को एक राज्य का फायदा होता नजर आ रहा है, लेकिन वो केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के सहारे। यहां BJP और उसके सहयोगी दल के सरकार बनाने के आसार हैं। इससे देश में BJP और उसके सहयोगी दलों की सरकार वाले प्रदेशों की संख्या 18 हो जाएगी। हालांकि, आबादी और क्षेत्रफल के लिहाज से देखें तो उसे कोई खासा फायदा नहीं होगा, क्योंकि 14 लाख की आबादी और 483 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल वाला पुडुचेरी बेहद छोटा राज्य है।
इससे पहले नवंबर 2020 में हुए बिहार चुनाव के बाद देश के 49% आबादी और 52% क्षेत्र घेरने वाले 17 राज्यों में BJP और उसकी सहयोगी पार्टियों की सरकारें थीं, लेकिन BJP का उफान मार्च 2018 में था, जब NDA की देश के 21 राज्यों में सरकार थी। तब देश की 71% आबादी और 80% क्षेत्र पर BJP या NDA की सत्ता थी। इसकी तुलना अक्सर इंदिरा गांधी के दौर से की जाती है, जब कांग्रेस की देश के ज्यादातर राज्यों में सरकार थी।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद ही राज्यों में BJP या BJP गठबंधन वाली सरकारों की तुलना इंदिरा गांधी के समय से की थी। दिसंबर 2017 में जब BJP गुजरात और हिमाचल में जीती, तो प्रधानमंत्री मोदी ने संसदीय दल की बैठक में बड़े गर्व से कहा, 'इंदिरा गांधी जब सत्ता में थीं, तो कांग्रेस की सरकार 18 राज्यों में थी (हालांकि, उस समय कांग्रेस 17 राज्यों में थी), लेकिन जब हम सत्ता में हैं तो BJP 19 राज्यों में काबिज है।'
हालांकि तब कई राज्यों का बंटवारा नहीं हुआ था, इसलिए कांग्रेस की सत्ता वाले 17 राज्यों में देश की 88% आबादी रहती थी। इनका क्षेत्रफल भी 94% था। चलिए पांच राज्यों के चुनाव नतीजे के मौके पर हम देश के सियासी नक्शे पर होने वाले अहम बदलावों से गुजरते हैं-
इंदिरा गांधी के समय में कांग्रेस उफान पर थी
मार्च 2018 के बाद से भाजपा का विजय रथ कर्नाटक से रुकना शुरू हुआ। कर्नाटक में मई 2018 में चुनाव हुए। भाजपा के येदियुरप्पा ने शपथ भी ले ली, लेकिन बहुमत नहीं होने की वजह से इस्तीफा देना पड़ा। हालांकि, एक साल में ही कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) के कुछ विधायक भाजपा में आ गए। तब जाकर कहीं कर्नाटक में भाजपा की वापसी हो पाई।
इसी तरह दिसंबर 2018 में जब मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में विधानसभा चुनाव हुए, तो भाजपा के हाथ से ये तीनों राज्य फिसल गए। मार्च 2020 में मध्य प्रदेश में कर्नाटक की तरह कांग्रेस के 22 विधायक भाजपा में आ गए। राज्य में 15 महीने बाद पार्टी की वापसी हुई। अक्टूबर 2019 में हरियाणा में भी भाजपा हार ही गई थी। बाद में उसने दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी की मदद से सरकार बचाई।
2019 में ही महाराष्ट्र और झारखंड भाजपा के हाथ निकल गए। 2020 में दिल्ली में BJP को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन बिहार में NDA सत्ता बचाने में सफल रहा और नंवबर 2020 तक पार्टी 17 राज्यों में सिमट गई।
आम चुनाव 2019 के बाद अब तक के 10 विधानसभा चुनावों में NDA को केवल चार राज्यों में जीत मिली है। अब पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में BJP को हार का सामना करना पड़ा है। BJP असम में सत्ता बचा पाई और पुडुचेरी में जीत की ओर बढ़ रही है।
0 Comments
नमस्ते पाठकों
दिन की बधाई!
हमारी समाचार वेबसाइट पर आने के लिए धन्यवाद।
हम हमेशा सभी देश और विदेशी देश के नए और महत्वपूर्ण समाचार पोस्ट कर रहे है
पढ़ते रहें और सीखते रहें।
धन्यवाद।